माले: भारत और मालदीव ने उन समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनके तहत नयी दिल्ली 42 द्वीपों पर फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों के लिए उपकरण उपलब्ध कराएगी, जिससे दोनों देशों के बीच विकास सहयोग और बढ़ेगा। मालदीव के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने मीडिया को जारी एक बयान में बताया कि रविवार को माले में आयोजित एक समारोह में मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम, भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यन और मालदीव के युवा सशक्तीकरण, खेल और फिटनेस मंत्री अब्दुल्ला राफियू ने समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।
इसमें कहा गया है कि इन समझौतों का मकसद द्वीपीय समुदायों में फिटनेस सुविधाओं तक पहुंच को बेहतर बनाना है, जिसमें महिलाओं, लड़कियों और युवाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा, साथ ही स्वस्थ जीवनशैली और समुदाय की भलाई को भी बढ़ावा दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट ‘उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना’ (एचआईसीडीपी) के तहत भारत की अनुदान सहायता का हिस्सा है। इस परियोजना का कुल बजट समय के साथ बढ़ाकर 35.5 करोड़ मालदीवी रूफिया (2.29 करोड़ अमेरिकी डॉलर) कर दिया गया है।
समारोह में मालदीव के विदेश मंत्री ने कहा कि यह पहल “द्वीपीय समुदायों के स्वास्थ्य और कल्याण की दृष्टि से एक सार्थक निवेश” है और इससे महिलाओं के सशक्तीकरण, समानता और सामाजिक समावेश को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में लगातार सहयोग के लिए भारत सरकार और वहां के लोगों, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी धन्यवाद किया।
भारत, मालदीव के मुख्य विकास साझेदारों में से एक रहा है और इसने स्वास्थ्य सेवा, आवास, परिवहन, संपर्क, शिक्षा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों की परियोजनाओं में सहयोग किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

